देश में बोतलबंद पानी के सबसे चर्चित ब्रांडों में शामिल बिसलेरी (Bisleri) को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जांच में कंपनी के पानी का एक सैंपल निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा। जांच में ब्रोमेट की निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा और दूसरी जांच में कैंसर के जोखिम से जुड़े रसायन पाए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2006 के तहत मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है।

Writer by Mohit Kumar 

23-11-2026 1:40 pm

दो चरणों की जांच में सामने आई गंभीर बात

FSSAI के अनुसार, बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक सैंपल लिया गया था। पहली प्रयोगशाला जांच में पानी में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। इसके बाद सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया।

कंपनी ने जांच के नतीजों पर आपत्ति जताई और अपील की। इसके बाद सैंपल को दूसरी यानी रेफरल फूड लैबोरेटरी में भेजा गया। यहां जांच के दौरान पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) नामक रसायनों की मौजूदगी सामने आई। इसके बाद दूसरी प्रयोगशाला ने भी सैंपल को असुरक्षित घोषित कर दिया।

क्या हैं ब्रोमेट और PAHs

ब्रोमेट एक रासायनिक पदार्थ है, जो पानी को ओजोन के माध्यम से कीटाणुरहित करने की प्रक्रिया के दौरान बन सकता है। इसकी निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा में लंबे समय तक संपर्क स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है और कैंसर के जोखिम से भी जुड़ा है।

वहीं, PAHs कई रासायनिक यौगिकों का समूह है। इस समूह के कुछ पदार्थ कैंसर पैदा करने वाले माने जाते हैं। इनकी मौजूदगी पानी की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

बिसलेरी के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई

FSSAI ने प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट के आधार पर बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। अब इस मामले में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

कंपनी ने जांच के नतीजों पर उठाए सवाल

दूसरी ओर, बिसलेरी कंपनी ने FSSAI की जांच के नतीजों पर सवाल उठाए हैं। कंपनी के अनुसार, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके प्लांट से लिए गए सैंपल का है। कंपनी का दावा है कि छह सैंपल में से पांच शुरुआती जांच में निर्धारित मानकों पर खरे उतरे थे।

कंपनी ने यह भी कहा कि बाद में कराई गई स्वतंत्र जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई थी। बिसलेरी ने कहा है कि वह खाद्य सुरक्षा नियामक के साथ सहयोग करेगी।

क्या बाजार में मिलने वाली हर बिसलेरी बोतल असुरक्षित है

इस मामले में सबसे जरूरी बात यह है कि जांच में सामने आई गड़बड़ी एक विशेष सैंपल से जुड़ी है। इसका मतलब यह नहीं है कि बाजार में बिकने वाली बिसलेरी की हर बोतल में कैंसर से जुड़े रसायन मौजूद हैं। अभी इस मामले में कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी मिली है, इसे अदालत द्वारा दोषी ठहराया जाना नहीं माना जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *